देश

देश में 24 घंटे में पहली बार आए 26 हजार से ज्यादा नए मामले, अब तक 21 हजार लोगों की मौत

कोरोना वायरस का संक्रमण देश भर में दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है और अब यह आंकड़ा आट लाख करीब पहुंच गया है। covid19india.org के मुताबिक, देश में कोरोना के अब तक 7,94,864 केस दर्ज हो चुके हैं जिनमें 4,95,960 लोग ठीक हो चुके हैं। हालांकि इनमें से 21,623 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में अभी 2,77,180 एक्टिव केस हैं। इसी तरह महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 6,875 केस दर्ज किए गए हैं, जिससे राज्य में कुल मामलों की संख्या 2,30,599 हो गई है। राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2,187 नए केस सामने आए जिससे यहां पर कुल केस 1,07,051 हो गए।

स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में अबतक 7 लाख 93 हजार 802 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 21,604 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि चार लाख 95 हजार लोग ठीक भी हुए हैं। पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 26 हजार 506 नए मामले सामने आए और 475 मौतें हुईं।

महाराष्ट्र में 6,875 नए मामले, 219 लोगों की मौत

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामले एक बार फिर छह हजार से अधिक आए हैं। Covid19india.org के मुताबिक राज्य में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 6,875 नए मामले सामने आने के साथ कुल मरीजों की संख्या 2,30,599 पहुंच गई है। इसके साथ-साथ राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से 219 और लोगों की मौत हुई है, जिससे राज्य में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 9,667 हो चुका है।

वहीं, मुंबई में कोरोना वायरस के 1,268 नए मरीज सामने आने से गुरुवार को कुल संख्या बढ़कर 89,124 हो गई। शहर में महामारी के कारण मरने वालों की संख्या 5,132 हो गई है। वहीं, कोरोना वायरस के 23,786 मरीजों का इलाज चल रहा है। अब तक 60,195 मरीज ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है।

पुणे में 1,690 नए मामले

महाराष्ट्र के पुणे जिले में 1,690 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 33,394 पहुंच गई। कोरोना के कारण 27 और लोगों की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या 989 हो गई।

तमिलनाडु में 1 लाख 26 हजार के पार मामले1765 की मौत

तमिलनाडु में भी लगातार मरीजों की संख्या बढ़ रही है। राज्य में सर्वाधिक 4,231 नए मामले सामने आए हैं और अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की संख्या बढ़कर 1,26,581 हो गई है। राज्य में अब तक इस महामारी से 1,765 लोगों की मौत भी हो चुकी है। इसी तरह आंध्र प्रदेश में 1,555 नए केस मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 23,814 पर पहुंच गया है। केरल में 339 नए मामलों के साथ मरीजों की संख्या 6,535 हो गई है।

राजधानी दिल्ली में 2,187 नए मामले

राजधानी दिल्ली में भी कोरोना केस कम होने का नाम नहीं ले रहा है और पिछले 24 घंटे में 2,187 मामले रिकॉर्ड हुए। इस तरह से दिल्ली में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 1,07,051 हो गए हैं। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 45 मरीजों की मौत भी हुई। इस तरह से दिल्ली में कुल मौत का आंकड़ा 3,258 तक पहुंच गया। हालांकि इस दौरान 4,027 लोग ठीक भी हुए। दिल्ली में अब तक कुल 82,226 लोग ठीक हो चुके हैं।

ये भी पढ़ें-  भारत में कोरोना के कारण मृत 53 प्रतिशत लोगों की आयु 60 साल से अधिक: केंद्र

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, महाराष्ट्र, दिल्ली और तमिलनाडु शुरुआत से ही अतिसंवेदनशील हैं। महाराष्ट्र में पहले दिन से ही कोरोना का ग्राफ बढ़ रहा है। जबकि दिल्ली और तमिलनाडु में उतार-चढ़ाव देखने को मिले हैं। यही वजह है कि अप्रैल माह के पहले सप्ताह तक दिल्ली दूसरे स्थान पर थी। इसके बाद मई तक तमिलनाडु और उसके बाद फिर दिल्ली वापस आई थी। अब तमिलनाडु एक बार फिर दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।

गुजरात में 39 हजार से अधिक मामलेअब तक 2,009 मौतें

गुजरात में भी संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। राज्य में अब तक 39,280 संक्रमित पाए जा चुके हैं। गुरुवार को 861 नए मामले सामने आए। राज्य में 16 नई मौत के साथ अब तक इस वायरस से 2,009 मरीजों की जान जा चुकी है। नए मामलों में अहमदाबाद में ही 162 केस मिले हैं और महानगर में मरीजों की संख्या बढ़कर 22,580 हो गई है। यहां अब तक 1,506 मरीजों की मौत हो चुकी है।

उत्‍तर प्रदेश में 1,206 नए मामले

आबादी के लिहाज से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में भी कोरोना महामारी पर रोक लगती नजर नहीं आ ही है। नए मामले लगातार बढ़ रहे हैं। राज्य में और 1,206 नए केस मिले हैं और मरीजों का आंकड़ा 32,362 पर पहुंच गया है। अब तक 862 लोगों की मौत भी हो चुकी है।

मध्य प्रदेश में 305 नए मामले

मध्य प्रदेश में 305 नए केस के साथ अब तक 16,341 संक्रमित मिल चुके हैं। राजस्थान में 500 केस मिले हैं। राज्य में अब तक 22,563 मरीज सामने आ चुके हैं। जबकि, ओडिशा में 577 नए मरीजों के साथ 11,201 मरीज संक्रमित पाए जा चुके हैं।

कोरोना प्रभावित देशों की सूची में भारत तीसरे स्थान पर

बता दें दुनिया भर में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की सूची में भारत तीसरे स्थान पर आ गया है। इस सूची में 32 लाख 19 हजार से ज्यादा संक्रमितों के साथ अमेरिका पहले, ब्राजील (17 लाख 59 हजार से ज्यादा) दूसरे और भारत (7 लाख 94 हजार) तीसरे स्थान पर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Close
Close