थाना प्रभारी की हत्या और एसपी के इस्तीफे से मध्यप्रदेश में हड़कंप, मुख्यमंत्री ने बुलाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक
The murder of the station house officer and the resignation of the Superintendent of Police has caused a stir in Madhya Pradesh; the Chief Minister has called a meeting of senior police officers.

न्यूज़ इन्वेस्टिगेशन / विलोक पाठक
भोपाल / दिल्ली में पुलिस प्रोटेस्ट की घटना के बाद से राज्यों की सरकारें सतर्क हैं। यह कोई साधारण घटना नहीं है, इसको लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। इसी तरह हाल ही में मध्यप्रदेश में अवैध शराब की तस्करी, जहरीली शराब से मौतों और कानून व्यवस्था को लेकर सरकार की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। सागर और देवास की घटनाओं के बीच थाना प्रभारी दिलीप कुमार गिरी की ट्रक से कुचलकर हत्या तथा सागर से हटाए गए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के इस्तीफे ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है।
प्रदेश में शराब तस्करी और जहरीली शराब की घटनाओं को लेकर आबकारी विभाग भी सवालों के घेरे में है। उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के नेतृत्व वाले विभाग की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। विभाग से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और ओएसडी के रिश्वत संबंधी विवाद ने भी सरकार की मुश्किलें बढ़ाई हैं।
लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार शाम 6 बजे पुलिस महानिदेशक और विशेष पुलिस महानिदेशक स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक बुलाई। बैठक पहले पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) में प्रस्तावित थी, लेकिन अचानक इसका स्थान बदलकर मुख्यमंत्री निवास कर दिया गया। बैठक में कानून व्यवस्था और अवैध शराब के मुद्दे पर समीक्षा की गई।
सागर और देवास में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद सरकार ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई करते हुए कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को हटाया। हालांकि, इसके बावजूद हालात सामान्य नहीं हुए। सोमवार को देवास में थाना प्रभारी दिलीप कुमार गिरी की ट्रक से कुचलकर हत्या ने पुलिसकर्मियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
इसी बीच सागर से हाल ही में हटाए गए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के इस्तीफे ने नई चर्चा छेड़ दी है। इस्तीफे के पीछे व्यक्तिगत कारण बताए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस महकमे में इसे लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं हैं। कुछ अधिकारी सरकार की कार्यप्रणाली और बदलते प्रशासनिक हालात को लेकर असंतोष जता रहे हैं, जबकि अन्य का मानना है कि निजी क्षेत्र में बेहतर अवसर और अधिक वेतन भी इस्तीफे की वजह हो सकते हैं।
एक के बाद एक घटनाओं ने सरकार के सामने कानून व्यवस्था और पुलिस प्रशासन को लेकर बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। ऐसे में मुख्यमंत्री की वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ हुई बैठक को प्रदेश में बिगड़ते हालात की समीक्षा और नियंत्रण के प्रयासों के तौर पर देखा जा रहा है।
NEWS INVESTIGATION “The Real Truth Finder”
Vilok Pathak



