बरही में दीपावली की रात भीषण अग्निकांड, दो माह के मासूम समेत 6 की मौत से मचा हड़कंप
A massive fire broke out in Barhi on the night of Diwali, causing panic as six people, including a two-month-old, died.

न्यूज़ इन्वेस्टिगेशन
क्राकरी दुकान में लगी आग ने तीन मंजिला इमारत को लिया चपेट में, ऊपरी मंजिल पर सो रहा था अग्रवाल परिवार; दमकल की देरी और प्रशासनिक लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल
बरही/कटनी। दीपावली की खुशियां कटनी जिले के बरही में उस वक्त मातम में बदल गईं, जब रविवार रात एक भीषण अग्निकांड में दो माह के मासूम समेत छह लोगों की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कटनी मार्ग स्थित पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्राकरी दुकान में रात करीब 11:30 बजे अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान के ऊपर बनी तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। भवन की ऊपरी मंजिल पर अग्रवाल परिवार के छह सदस्य सो रहे थे, जो आग और धुएं के बीच फंस गए।
नीचे दुकान में आग, ऊपर जिंदगी और मौत के बीच जूझता रहा परिवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भवन के निचले हिस्से में क्राकरी की दुकान संचालित थी, जबकि ऊपरी मंजिलों पर अग्रवाल परिवार रहता था। रात में अचानक लगी आग तेजी से फैलती चली गई। धुएं और लपटों ने परिवार के सदस्यों के बाहर निकलने का रास्ता अवरुद्ध कर दिया। आग की भयावहता देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय नागरिकों ने अपने स्तर पर बचाव के प्रयास किए, लेकिन आग की तीव्रता के सामने उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए।
दमकल पहुंचने में देरी, दूसरी जगहों से बुलाने पड़े वाहन
हादसे के बाद दमकल व्यवस्था की तत्परता पर भी सवाल खड़े हुए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सूचना मिलने के काफी देर बाद नगर परिषद बरही का दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। आरोप है कि दमकल आग पर प्रभावी नियंत्रण नहीं कर सकी और ऊपरी मंजिलों पर लपटें लगातार फैलती रहीं। इसके बाद कैमोर और विजयराघवगढ़ से दमकल वाहन बुलाने की कोशिश की गई। जानकारी के अनुसार, विजयराघवगढ़ का दमकल वाहन रात करीब 1:56 बजे घटनास्थल पर पहुंचा।
रात में नदारद रहे वरिष्ठ अधिकारी, व्यवस्था पर उठे सवाल
इतने बड़े हादसे के दौरान प्रशासनिक अमले की मौजूदगी को लेकर भी नाराजगी सामने आई। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, रात पौने दो बजे तक तहसीलदार, एसडीएम और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचे थे। अधिकारियों से संपर्क करने के प्रयासों को लेकर भी लोगों ने असंतोष जताया। शुरुआती घटनाक्रम के दौरान मौके पर बरही पुलिस के केवल दो कर्मचारियों की मौजूदगी की बात सामने आई।
त्योहार पर अग्निशमन व्यवस्था की खुली पोल!
दीपावली जैसे बड़े पर्व पर बाजारों और रिहायशी इलाकों में आगजनी की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में अग्निशमन वाहनों की उपलब्धता, उनकी कार्यक्षमता और आपातकालीन प्रतिक्रिया का दुरुस्त होना बेहद जरूरी है। बरही की इस दर्दनाक घटना ने नगर परिषद की अग्निशमन तैयारियों और प्रशासनिक आपातकालीन व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर किया है। अब सवाल यह है कि सूचना मिलने के बाद दमकल को पहुंचने में इतनी देरी क्यों हुई और समय रहते पर्याप्त संसाधन उपलब्ध क्यों नहीं कराए जा सके?




