टॉप न्यूज़

मप्र का सबसे बड़ा वीरांगना रानी दुर्गावती फ्लाई ओवर जनता को समर्पित

◆ न्यूज़ इन्वेस्टिगेशन

जबलपुर। मध्यप्रदेश के लिये शनिवार का दिन ऐतिहासिक रहा। इस दिन केन्द्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मप्र का सबसे बड़े वीरांगना रानी दुर्गावती फ्लाई ओवर को जनता को समर्पित किया. इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह की मांग पर जबलपुर के विकास को गति देने नई विकास कार्यों की घोषणा की। इस अवसर पर 4250 करोड़ से अधिक की लागत वाली 174 किलोमीटर लंबी 9 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।

जबलपुर के महानद्दा में आयोजित समारोह में केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने मध्यप्रदेश के लिये 60 हजार करोड़ से अधिक लागत की विभिन्न सड़क परियोजनाओं की घोषणाएँ भी की।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि देश में पहली बार किसी एक परियोजना के लिए केन्‍द्रीय सड़क निधि से सबसे बड़ी राशि 1200 करोड़ रुपए स्‍वीकृत की गई है तो वह जबलपुर में निर्मित मदन महल-दमोहनाका फ्लाई ओवर है। गडकरी ने कहा कि लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह जब संसद सदस्‍य थे तब उन्‍होंने इस फ्लाई ओव्‍हर की मांग की थी। उन्‍होंने बताया कि तत्कालीन सांसद राकेश सिंह के आग्रह पर उन्‍होंने फ्लाई ओव्‍हर को स्‍वीकृति तो दे दी। लेकिन बाद में पता चला कि यह मार्ग राष्‍ट्रीय राजमार्ग का हिस्‍सा नहीं है। चूंकि घोषणा हो चुकी थी इसलिए इस फ्लाई ओव्‍हर का कार्य भी प्रारंभ होना ही था। केन्‍द्रीय मंत्री ने कहा कि वह जो घोषणा करते है उसे पूरा करते है।

केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव से कहा कि भारत सरकार प्रदेश में जिलास्तर तक जल्द ड्राइविंग सेंटर आरंभ की इच्छुक है। इसके लिए प्रस्ताव राज्य सरकार की ओर से शीघ्रता से भेजे जाएं। केंद्र द्वारा इन्हें तत्काल स्वीकृति प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सीआरएफ फंड से 1500 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की जा रही है। श्री गडकरी ने जबलपुर-दमोह 1700 करोड़ रुपए, जबलपुर-डिंडौरी 4 लेन 200 किलोमीटर मार्ग दिसंबर 2026 तक पूरा होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सड़कों के आधार पर देश का भाग्य बदलता है। यह हमारा सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में सड़क आधोसंरचना निर्माण और विस्तार का दायित्व केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी संभाल रहे हैं। यह  गडकरी के प्रबंधन का चमत्कार है कि देश में सड़क और अधो संरचना निर्माण के लिए वह कभी पैसे की कमी होने ही नहीं देते। देश की सीमा पर जवान और खेत में किसान की सजगता और मेहनत से ही देश की ताकत बनती है। बेहतर रोड नेटवर्क दोनों की ही सक्रियता और सामर्थ्य का आधार हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सुगम संपर्क, तेज विकास, बेहतर सुरक्षा और सब की समृद्धि सुनिश्चित करने के प्रण को पूरा करने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्धता के साथ अद्यतन अधोसंरचना निर्माण के लिए निरंतर सक्रिय है।

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने महाकौशल सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों और निवासियों की रोड नेटवर्क संबंधी आकांक्षा-अपेक्षा को पूर्ण किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश को दी गई रोड नेटवर्क संबंधी सौगातों के लिए प्रदेशवासियों की ओर से केंद्रीय मंत्री गडकरी का अभिवादन करते हुए आभार माना।

जबलपुर के विकास को नई गति देने लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मांग करते हुए कहा जबलपुर से भोपाल तक ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे हमारे एमओयू का हिस्सा है, और इसका निर्माण पहले चरण में हो ऐसा आग्रह है, सिंह ने जबलपुर से मंडला होकर चिल्पी छत्तीसगढ़ की सीमा तक फोर लेन सड़क बनने से जबलपुर से रायपुर की दुरी कम होंगी आउट एक नया मार्ग मिलेगा, सिंह ने मांग करते हुए कहा मप्र देश का एकमात्र टाइगर स्टेट है और इसीलिए मप्र के प्रमुख टाइगर रिजर्व जिनमे कान्हा, बांधवगढ़, पेंच और पन्ना को जोड़ते हुए टाइगर कोरिडोर बनाया जाये और इन्हे फोर लेन सड़को से जोड़ा जाए.

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह की सभी मांगो पर स्वीकृति देते हुए 15 हजार करोड़ की लागत से 255 किमी लम्बे जबलपुर से भोपाल नया ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे, 2.5 हजार करोड़ की लागत से जबलपुर से मंडला होकर चिल्पी छत्तीसगढ़ तक फोर लेन सड़क, 5.5 हजार करोड़ की लागत से कान्हा, बांधवगढ़, पन्ना और पेंच टाइगर रिजर्व को जोड़कर नया टाइगर कोरिडोर फोर लेन सड़क निर्माण की स्वीकृति की घोषणा की।

इसके के साथ ही पूर्व में घोषित अनगढ़ महावीर मंदिर से बंदरिया तिराहा एवं ग्रेनेडियर चौक से साईं बाबा मंदिर, शाह नाला तक नया फ्लाईओवर के लिए 309 करोड़, एम्पायर टॉकीज से सदर, गोरखपुर से ग्वारीघाट गुरुद्वारा तक रोपवे निर्माण हेतु 900 करोड़, सिविक सेंटर से मालवीय चौक, बड़ा फुहारा से बलदेव बाग तक रोपवे हेतु 235 करोड़ की राशि स्वीकृत कर घोषणा की और कहा इनकी डीपीआर का कार्य हो रहा है और यह परियोजनाए शीघ्र ही साकार रूप लेगी।

लोक निर्माण मंत्री सिंह ने कहा माननीय गडकरी जी द्वारा नागपुर में फ्लैश चार्जिंग अत्याधुनिक बसें शुरू की गई हैं, इस 135 सीटर एसी बसों की शुरआत जबलपुर के साथ मप्र में भी की जाये उनकी मांग पर श्री गडकरी ने कहा यह 135 सीटर एसी बस में बस होस्टेस भी कार्यरत होती है। बस का किराया डीजल बस की तुलना में 30 प्रतिशत कम होगा, बसों की क्षमता और सुविधाएं मेट्रो के समान होंगी। देश में अभी मेट्रो निर्माण में 500 करोड़ रुपए प्रति किलोमीटर खर्च आ रहा है। यह बस 2 करोड़ रुपए प्रति किलोमीटर में संचालित होती हैं। यह बसें जनसामान्य को को राहत देंगी। आधुनिक बस और हाईवे नेटवर्क से यात्रियों का सफर आसान होगा। जिस प्रकार रोड नेटवर्क में सुधार हुआ है उसी प्रकार परिवहन के साधनों को भी विश्वस्तरीय किया जाएगा और जबलपुर के साथ मप्र में भी इन बसों का संचालन प्रारम्भ किया जायेगा।

जबलपुर का भविष्‍य तय करेगा फ्लाई ओव्‍हर
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि मदन महल-दमोहनाका फ्लाई ओव्‍हर का नामकरण वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम पर किया गया है। इसकी घोषणा मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा पिछले वर्ष की गई थी।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि इस फ्लाई ओव्‍हर के निर्माण में कई रूकावटें आई। किंतु लोगों को सहूलियत और बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में प्रयास जारी रहे। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के अदभुत नेतृत्‍व और केन्‍द्रीय मंत्री गडकरी के प्रयासों से ही यह ब्रिज आज आकार ले पाया है।

सांसद आशीष दुबे ने स्‍वागत भाषण देते हुए कहा कि असंभव को संभव बनाने के लिए पुरुषार्थ तथा विचारों को नवाचार में बदलने की आवश्यकता होती है। केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी ने पुरुषार्थ के साथ, विचार को नवाचार में, नवाचार को चमत्कार में बदलने और चमत्कार को धरातल पर क्रियान्वित करने का कार्य किया है।

सांसद दुबे ने कहा कि लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह कल्पनाशील व्यक्तित्व के धनी हैं। उन्होंने वर्ष 2015 में केंद्रीय मंत्री गडकरी से आवश्यकता के अनुरूप फ्लाईओवर की मांग की थी और केंद्रीय मंत्री गडकरी ने बिना विलंब के जबलपुर के लिए यह फ्लाईओवर स्वीकृत कर दिया था।

कार्यक्रम में सिंगल क्लिक के माध्‍यम से विभिन्‍न परियोजनाओं को लोकार्पण व शिलान्‍यास किया गया। साथ ही इन परियोजनाओं पर आधारित लघु फिल्‍म का भी प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के पूर्व स्‍थल पर लगाई गई डिजीटल प्रदर्शनी का भी अवलोकन केन्‍द्रीय मंत्री एवं अन्‍य अतिथियों द्वारा किया गया। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव द्वारा केन्‍द्रीय मंत्री गडकरी को भेंट स्‍वरूप रानी दुर्गावती की प्रतिमा एवं फ्लाई ओव्‍हर की प्रतिकृति प्रदान की।

समारोह में उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रह्लाद पटेल, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उईके, सांसद वीडी शर्मा, जनार्दन मिश्रा, सांसद आशीष दुबे, राज्य सभा सदस्य श्रीमती सुमित्रा बाल्मीक, विधायक अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी इंदु, डॉ. अभिलाष पांडे, नीरज सिंह, संतोष बरकड़े, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्‍नू, जिला पंचायत अध्‍यक्ष आशा गोटिया, भाजपा के प्रदेश कोषाध्‍यक्ष अखिलेश जैन, जिलाध्यक्ष रत्नेश सोनकर, जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) राजकुमार पटेल, नगर निगम अध्‍यक्ष रिकुंज विज, पंकज दुबे, श्रीकांत साहू, रवि शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय जन उपस्थित थे।

@vilok

Tags

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Close
Close