नर्मदा तट पर बिरयानी बनाने सहित धार्मिक भावना आहत करने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
Police launch investigation into allegations of hurting religious sentiments by preparing biryani on the banks of the Narmada River.

न्यूज़ इन्वेस्टिगेशन
मप्र के जबलपुर जिले में इंस्टाग्राम पर मां नर्मदा के तट पर रोजा इफ्तार और नमाज पढ़े जाने का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में बरगी के आसपास नर्मदा तट पर न केवल रोजा इफ्तार किया जा रहा है बल्कि नमाज भी पढ़ी जा रही है । इसके साथ ही पवित्र क्षेत्र में बिरयानी भी बनाई जा रही है। यह वीडियो इंस्टाग्राम अकाउंट में मिस्टर फैज़ नाम की आईडी से अपलोड किया गया है।
वीडियो सामने आने के बाद मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के अधिवक्ता विवेक तिवारी ने इस पर आपत्ति जताई है और इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय को व्हाट्सएप के माध्यम से की है और पवित्र क्षेत्र में इस तरह से रोजा इफ्तार के साथ बिरयानी बनाना और चप्पल पहनकर पवित्र मां नर्मदा नदी में प्रवेश करना इन हरकतों को लेकर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया है। साथ ही वीडियो के आधार पर मामला पंजीबद्ध करने की मांग भी की गई है।
अधिवक्ता विवेक तिवारी ने शिकायत में बताया है कि मां नर्मदा के तट पर मुस्लिम धर्म के युवकों द्वारा नमाज पढ़ी गई है , साथ ही बिरयानी भी बनाई गई है। इसके साथ ही चप्पल पहनकर मां नर्मदा में प्रवेश किया गया है जिससे ,धार्मिक भावनाओं को आहत करने एवं दंगा भड़काने की कोशिश की जा रही है। शिकायत में लिखा गया है कि इंस्टाग्राम पर पुण्य सलिला मां नर्मदा के तट के कुछ फोटोग्राफ्स सामने आए हैं, जिसमें मुस्लिम धर्म के दर्जनों युवक मां नर्मदा के तट पर जाकर नमाज़ पढ रहे हैं, साथ ही यह भी ज्ञात हुआ है कि इन्होंने बिरयानी तट पर ही बनाई है। इसके साथ ही सभी मुस्लिम युवक चप्पल पहनकर नर्मदा नदी में प्रवेश भी किए हैं। ऐसे दृश्य देखकर हिंदू धर्म का पालन करने वाले लोगों के साथ ही मेरी भावनाएं आहत हुई हैं। हम अक्सर मां नर्मदा के तट पर पहुंचते हैं, मां नर्मदा के दर्शन करते हैं, ये दृश्य मेरे मन को आहत कर रहे हैं। यह फोटोग्राफ्स किस घाट के हैं यह पुलिस विवेचना के बाद ही ज्ञात हो सकता है । पुलिस इन फोटोग्राफ्स के आधार पर तत्काल इनका पता लगाए।
अधिवक्ता विवेक तिवारी के अनुसार, वीडियो में मिस्टर फैज अली नाम के एक युवक ने स्वयं यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड किए हैं। इस वीडियो में मुस्लिम युवक नर्मदा के तट पर नमाज पढ़ रहे हैं ,बिरयानी बना रहे हैं साथ ही चप्पल पहनकर मां नर्मदा नदी में प्रवेश भी कर रहे हैं। वीडियो में मां नर्मदा की पवित्रता को खंडित किया जा रहा है। वीडियो को देखने के बाद कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। वीडियो में नजर आ रहा है कि मुस्लिम युवक तट पर ही अस्थाई रूप से चूल्हा बना रहे हैं और बिरयानी बनाने की तैयारी कर रहे हैं। जबकि मध्य प्रदेश शासन के आदेश हैं कि नर्मदा तट से 5 किलोमीटर के दायरे में नॉनवेज की दुकान भी नहीं होगी बावजूद इसके बिरयानी के लिए मटन लेकर मुस्लिम युवक वहां पहुंच गए ।
इस मामले में गोरखपुर नगर पुलिस अधीक्षक महादेव नागोतिया ने शिकायत करने के तत्काल बाद शिकायतकर्ता से संपर्क किया और इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वीडियो का सत्यापन भी कराया जा रहा है।
(न्यूज़ इन्वेस्टिगेशन वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता)




