राहुल गांधी, पप्पू यादव समेत चार अन्य सांसदों पर मामला दर्ज…संसद में सनातन धर्म के अपमान का हैं आरोप…
A case has been filed against Rahul Gandhi, Pappu Yadav and four other MPs for allegedly insulting Sanatan Dharma in Parliament.

✒️ VILOK PATHAK
न्यूज़ इन्वेस्टिगेशन
जमुई, बिहार के जमुई सिविल कोर्ट में संसद परिसर के भीतर हुए विपक्षी सांसदों के विरोध प्रदर्शन को लेकर पांच सांसदों के खिलाफ परिवाद दायर किया गया है। यह शिकायत जमुई के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत की गई है और इसे केस के रूप में दर्ज किया गया है। वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव रंजन ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत में शिकायत प्रस्तुत करते हुए आरोप लगाया है कि प्रदर्शन से धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और संसद की गरिमा को ठेस पहुंची।
यह परिवाद संसद के मानसून सत्र के दौरान हुए उस विरोध प्रदर्शन के संबंध में दायर किया गया है, जिसमें विपक्षी सांसदों ने राम मंदिर से जुड़े दान के कथित दुरुपयोग का मुद्दा उठाया था। प्रदर्शन के दौरान पप्पू यादव पुजारी के वेश में दान पेटी लेकर संसद परिसर में बैठे थे और राहुल गांधी सहित अन्य सांसदों ने प्रतीकात्मक रूप से उसमें राशि डालकर विरोध दर्ज कराया था।
परिवाद में कहा गया है कि जिस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया गया, वह पहले से ही उच्चतम न्यायालय और विशेष जांच दल (एसआईटी) की निगरानी में है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन का उद्देश्य केवल प्रचार प्राप्त करना था। उनका यह भी कहना है कि विरोध के दौरान अपनाए गए तौर-तरीकों से सनातन धर्म के अनुयायियों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची।
परिवाद में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद, रुचि वीरा और धर्मेंद्र यादव को पक्षकार बनाया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सांसदों ने संसद परिसर के भीतर प्रतीकात्मक एवं नाटकीय ढंग से प्रदर्शन किया, जो संसद जैसी संवैधानिक संस्था की मर्यादा के अनुरूप नहीं था।
मामला फिलहाल मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में लंबित है। अदालत द्वारा सुनवाई की तिथि तय किया जाना शेष है।
NEWS INVESTIGATION “THE REAL TRUTH FINDER”




