टॉप न्यूज़

NH-30 पर भीषण हादसा: कार-बाइक की जोरदार भिड़ंत में दो बुजुर्गों की मौत, सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे

 न्यूज़ इन्वेस्टिगेशन

जबलपुर/सिहोरा। सिहोरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मोहासम गांव के पास कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर में बाइक सवार दो बुजुर्गों की मौत हो गई। दोनों एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।

मृतकों की पहचान ग्राम खुडावल निवासी करण सिंह लोधी (75 वर्ष) और उमाशंकर लोधी (55 वर्ष) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे दोनों बाइक से खुडावल से दिनारी खम्हरिया के लिसारी गांव में आयोजित सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक मोहासम के पास पहुंची, जबलपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार क्रमांक *UP 16 DZ 1243* ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे 75 वर्षीय करण सिंह लोधी उछलकर कार के बोनट पर जा गिरे। सिर, हाथ-पैर में गंभीर चोट लगने से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

वहीं बाइक पर पीछे बैठे 55 वर्षीय उमाशंकर लोधी के सिर में गंभीर चोट आई। मौके पर पहुंचे लोगों ने निजी एंबुलेंस की मदद से उन्हें सिहोरा सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर जबलपुर जा रहे थे, लेकिन मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही सिहोरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने वाहनों को हटवाकर सुचारू कराया। पुलिस कार चालक की तलाश और घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Tags

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Close
Close