जबलपुर के बरगी स्थित रिसॉर्ट में देर रात खूनी संघर्ष कई घायल
✒️ विलोक पाठक / न्यूज़ इन्वेस्टिगेशन
रविवार की देर रात बरगी स्थित एसएसबी रिसॉर्ट में पार्टी करने जुटे युवकों के बीच जमकर विवाद हो गया। बर्थडे पार्टी खूनी संघर्ष में बदल गई। सिगरेट को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि एक गुट ने पिस्टल,चाकू और फरसा से लैस होकर हमला कर दिया। इस दौरान पांच युवक घायल हो गये। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चाकूबाजी करने वालों में भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष का नाम भी सामने आ रहा है। घटना के बाद देर रात को बरगी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए भेजकर आरोपियों की तालाश शुरू कर दी है।
बरगी नगर में एसएसबी रिसोर्ट में जबलपुर से आधा दर्जन लड़के अपने एक साथी शरद यादव का जन्मदिन मनाने पहुंचे थे। बरगी नगर निवासी आशुतोष नाथ अभिलाष चौधरी,विष्णु रजक और राहुल पाठक के साथ रिसोर्ट पहुंचा बर्थ-डे पार्टी चल रही थी। इसी बीच अभिलाष चौधरी के मोबाइल पर काॅल आया तो वह रिसोर्ट से बाहर आ गया और बात करने लगा, इसी बीच उसने सिगरेट जलाई और पीने लगा, कुछ ही देर बाद बरगी नगर निवासी अंकित पटेल उसके पास आया और सिगरेट मांगने लगा, जिस पर अभिलाष ने यह कहते हुए देने से मना कर दिया, कि मैं तुझे नहीं जानता हूं।
अंकित के साथ में खड़े राजेंद्र पटेल नाम के लड़के ने भाजयुमो के बरगी अध्यक्ष राकेश उर्फ गोलू आर्मो को काॅल कर मौके पर बुलाया। अभिलाष ने बताया कि कुछ ही देर बाद भाजयुमो नेता अपने कुछ साथियों के साथ आया और फरसा से हमला करना शुरू कर दिया। लोग अपनी-अपनी जान बचाकर बरगी नगर पुलिस चौकी पहुंचे और शिकायत दर्ज करवाई। घायल ने बताया कि जिस गैंग ने हमला किया है उसका मास्टरमाइंड भाजयुमो नेता राकेश उर्फ गोलू आर्मो है। एक दर्जन से अधिक लड़के पिस्टल,चाकू और फरसा से लैस होकर जान से मारने की नियत से पहुंचे थे। जानकारी मिलते ही बरगी नगर चौकी प्रभारी सरिता पटेल टीम के साथ मौके पर पहुंची, और घायलों के बयान दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है। घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। हमलावर फरार हैं जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।
News Investigation
@vilok




