यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चुनाव में , घनघोरिया परिवार का प्रदेश में “यश”

✒️ विलोक पाठक /न्यूज़ इन्वेस्टिगेशन
जबलपुर कांग्रेस में अपने पिता पूर्व विधानसभा से वर्तमान कांग्रेस विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री लखन घनघोरिया की राजनैतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए उनके पुत्र “यश घनघोरिया” ने युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के पद पर विजय प्राप्त की है। प्रदेश में मिले इस अभूतपूर्व समर्थन को लेकर प्राप्त विजय ने, न केवल घनघोरिया परिवार बल्कि जबलपुर का भी कद बढ़ा दिया है।
संस्कारधानी के राजनीतिक परिदृश्य में कांग्रेस में सर्वाधिक लोकप्रिय और वर्तमान विधायक लखन घनघोरिया ने, न केवल जबलपुर, महाकौशल बल्कि पूरे प्रदेश में अपनी लोकप्रियता का लोहा मनवा लिया है। वे कांग्रेस पार्टी में चल रही गुटबाजी को धता बताते हुए सब पर भारी पड़े। उनके पुत्र यश घनघोरिया ने यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चुनाव में सर्वाधिक मत 3लाख 13हजार 730 लेकर प्रदेश अध्यक्ष पद पर विजय प्राप्त की है। जबकि भोपाल के अभिषेक परमार 2,38,780 वोट पाकर दूसरे नंबर पर रहे हैं।15 लाख युवाओं ने मेंबरशिप फार्म भरे थे। युवा कांग्रेस के इस चुनाव में प्रदेशभर से 15 लाख से अधिक युवाओं ने सदस्यता ली थी। अप्रैल से जुलाई तक चले अभियान में 14 लाख 74 हजार युवाओं ने सदस्यता शुल्क जमा कर संगठन से जुड़ाव दिखाया। 18 अप्रैल को एमपी में यूथ कांग्रेस के चुनावों की घोषणा के साथ ही सदस्यता शुरू हुई थी।
मीडिया से बात करते हुए यश घनघोरिया ने कहा मैं इस चुनाव में पार्टी की लोकतांत्रिक व्यवस्था से जीता हूं। अब हमारा लक्ष्य है गांधीवादी विचारधारा को हर कोने तक पहुंचाना। उन्होंने कहा कि वे एक कार्यकर्ता के रूप में काम करते रहेंगे और अंतिम पंक्ति तक पार्टी की नीतियों को ले जाने का प्रयास करेंगे।
यश ने कहा कि वे प्रदेश में शिक्षा नीति को मजबूत करने और युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में काम करेंगे। हमारा प्रयास रहेगा कि हर युवा के पास रोजगार का अवसर हो और वह समाज की मुख्यधारा में शामिल हो। यश ने अपने सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा यह जीत मेरी नहीं, बल्कि उन सभी युवाओं की है जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया और लोकतंत्र की इस प्रक्रिया को सफल बनाया।
शहर में मिले प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर कांग्रेसजनों ने आतिशबाजी कर उत्साह प्रगट किया। पिछले लंबे समय से शहर में चाहे बीजेपी हो या कांग्रेस बड़े पद मिलते रहे हैं। भारतीय जनता युवा मोर्चा में जहां धीरज पटेरिया,अभिलाष पांडे प्रदेश अध्यक्ष रहे, तो वहीं अब यश घनघोरिया ने कांग्रेस में प्रदेश का पद लाकर जबलपुर का मान बढ़ाया है।




