कर्ज से बचने, बीमा राशि हड़पने की साजिश, बेगुनाह को कार में जिंदा जलाकर मारा, गर्लफ्रेण्ड से चैटिंग में खुला राज

न्यूज़ इन्वेस्टिगेशन
लातूर (महाराष्ट्र)
महाराष्ट्र के लातूर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां कर्ज और बीमा राशि के लालच में एक रिकवरी एजेंट ने खुद को मरा हुआ दिखाने की साजिश रच डाली। इस खौफनाक योजना को अंजाम देने के लिए आरोपी ने एक अनजान व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर उसे जिंदा जला दिया। हालांकि, गर्लफ्रेंड से की जा रही चैटिंग ने उसकी पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
दो दिन पहले औसा शहर के वाणवडा रोड इलाके में एक स्कोडा कार में आग लगने की सूचना से हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने आग बुझाई, लेकिन कार के अंदर पूरी तरह जला हुआ एक शव बरामद हुआ। वाहन नंबर के आधार पर पुलिस ने कार मालिक की पहचान गणेश चव्हाण के रूप में की।
पहचान पर हुआ शक, शुरू हुई गहन जांच
शव के पास मिले कड़े और अन्य सामान से प्रारंभिक तौर पर मृतक को गणेश चव्हाण माना गया, लेकिन पुलिस को कई बातें संदिग्ध लगीं। तकनीकी जांच, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और घटनास्थल के साक्ष्यों से साफ हो गया कि मामला आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का है।
तीसरे मोबाइल नंबर ने खोला राज
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गणेश चव्हाण के दो मोबाइल नंबर बंद थे और उसका फोन जली हुई हालत में कार से मिला था। लेकिन वह एक तीसरे मोबाइल नंबर से अपनी महिला मित्र से लगातार चैट कर रहा था। यहीं से पुलिस को यकीन हो गया कि गणेश जिंदा है। मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने उसे करीब 500 किलोमीटर दूर सिंधुदुर्ग जिले के विजयदुर्ग से हिरासत में ले लिया।
बीमा राशि के लिए रची थी खौफनाक योजना
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह भारी कर्ज में डूबा हुआ था और एक करोड़ रुपये की टर्म इंश्योरेंस राशि हासिल करने के लिए उसने अपनी मौत की साजिश रची। योजना के तहत उसने नशे में धुत गोविंद किसन रावते नामक व्यक्ति को बहला-फुसलाकर कार में बैठाया, उसकी हत्या की और शव के साथ कार में आग लगा दी।
24 घंटे में सुलझी मर्डर मिस्ट्री
लातूर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मजबूत सबूतों के आधार पर महज 24 घंटे में इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस वारदात में आरोपी का कोई और साथी तो शामिल नहीं था, बीमा का क्लेमर कौन था और आगे उसकी क्या योजना थी।लातूर एसपी अमोल तांबे के अनुसार, मामले की हर एंगल से जांच जारी है।




