नगर निगम, जिला और प्रलिस प्रशासन के संयुक्त कार्रवाई को शासन से मिली सराहना

न्यूज़ इन्वेस्टिगेशन / विलोक पाठक
जबलपुर आई.टी.आई. रोड और आस-पास के क्षेत्रों में वर्षों से शासकीय भूमि पर वर्षों से जमे अवैध अतिक्रमणो को हटाने का कार्य नगर निगम द्वारा कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार, पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के मार्गदर्शन में किया गया। जिससे एक ओर आई.टी.आई. रोड़, दीनदयाल चौक से माढ़ोताल पुलिस चौकी तक अतिक्रमण मुक्त हुआ वहीं दूसरी ओर आई.टी.आई. कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को आवागमन करने में सुविधा मिली तथा परिसर के आस-पास भी वातावरण स्वच्छ हुआ। नगर निगम, जिला एवं पुलिस प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई के लिए, कौशल विकास संचालनालय मध्यप्रदेश शासन के संचालक गिरीश शर्मा ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हे धन्यवाद दिया है।
शर्मा ने नगर निगम, जिला एवं पुलिस प्रशासन को एक पत्र लिखकर अतिक्रमण हटाओ अभियान की सफलता पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई को छात्र-छात्राओं और संस्थान के भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय, निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार,
के निर्देश पर, दीनदयाल चौक से आई.टी.आई. मार्ग तक व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया था। अतिक्रमण विभाग के प्रभारी मनीष तड़से और उनकी टीम ने इस अभियान में शासकीय भूमि पर अवैध रूप से जमे लगभग 60 से अधिक ठेले, टपरों और अस्थायी ढाँचों को ध्वस्त कर दिया गया।
कौशल विकास संचालनालय के संचालक गिरीश शर्मा ने अपने धन्यवाद संदेश में कहा कि यह अतिक्रमण न केवल कॉलेज आने-जाने वाले हजारों छात्र-छात्राओं के लिए असुरक्षा और अव्यवस्था का कारण बन रहा था, बल्कि संस्थान के शैक्षणिक और विस्तार संबंधी कार्यों में भी बाधा उत्पन्न कर रहा था। अतिक्रमण हटने के बाद, संस्थान को अपनी भूमि पुनः प्रशिक्षण गतिविधियों और आवश्यक विस्तार के लिए उपलब्ध हो गई है, जिससे कैंपस का माहौल सुरक्षित और व्यवस्थित हो गया है।
निगम, जिला एवं पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई की शहर भर में प्रशंसा हो रही है। आई.टी.आई. कॉलेज प्रबंधन और विद्यार्थी भी इस पहल से अत्यंत उत्साहित हैं, क्योंकि अब उन्हें एक खुला, सुगम और सुरक्षित मार्ग प्राप्त हुआ है।



