सिहोरा में दर्दनाक सड़क हादसा: पति की मौत, पत्नी गंभीर, डेढ़ साल की बच्ची सुरक्षित
Tragic road accident in Sihora: Husband dead, wife critical, one and a half year old girl safe

न्यूज़ इन्वेस्टिगेशन
सिहोरा। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित उल्दना ओवरब्रिज पर शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार दंपति को अज्ञात तेज रफ्तार भारी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। इस हादसे में दंपति की डेढ़ साल की मासूम बच्ची बाल-बाल बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रमाकांत नामदेव (33) पिता जगदीश प्रसाद नामदेव, निवासी ग्राम सनकुई थाना ढीमरखेड़ा जिला कटनी के रूप में हुई है। उनकी पत्नी रश्मि नामदेव (30) गंभीर रूप से घायल हैं।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे रमाकांत अपनी पत्नी के साथ जबलपुर से ग्राम धरवारा किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वे उल्दना ओवरब्रिज के पास पहुंचे, सामने से आ रहे अज्ञात भारी वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में रमाकांत के सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रश्मि गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को सिहोरा के शासकीय अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने रमाकांत को मृत घोषित कर दिया। वहीं रश्मि की हालत गंभीर होने के चलते प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।




