हाइवा की टक्कर से अंदर फंसी स्कूटी में लगी आग, हाईवा जलकर खाक, युवक की दर्दनाक मौत

न्यूज़ इन्वेस्टिगेशन
जबलपुर/ शहर के खजरी खिरिया बाईपास पर रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा ने स्कूटी सवार युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी हाइवा के नीचे फंस गई और करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई।
घर्षण के कारण स्कूटी में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे हाइवा को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान बाईपास से गुजर रहे अन्य ट्रक चालकों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल युवक को हाइवा के नीचे से बाहर निकाला। हालांकि तब तक युवक के शरीर का निचला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपूर्वा चौरसिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। वहीं फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद हाइवा में लगी आग पर काबू पाया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान माढ़ोताल थाना क्षेत्र के शंकर नगर निवासी अजीत चौधरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अजीत चौधरी युवक कांग्रेस के पूर्व जिला सचिव रह चुके हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हाइवा चालक की तलाश शुरू कर दी है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।




