टॉप न्यूज़

अभूतपूर्व उत्साह के बीच जबलपुर विकास प्राधिकरण के दो दिवसीय संपत्ति विक्रय मेले का समापन

Jabalpur Development Authority's two-day property sale fair concludes amid unprecedented enthusiasm

 न्यूज़ इन्वेस्टीगेशन 

जबलपुर विकास प्राधिकरण (JDA) द्वारा गुजराती मंडल भवन में 31 अक्टूबर एवं 1 नवंबर 2026 को आयोजित दो दिवसीय वृहद संपत्ति विक्रय मेले का नागरिकों के अभूतपूर्व उत्साह एवं सकारात्मक प्रतिसाद के साथ सफल समापन हुआ। मेले के दोनों दिनों में 5 हजार से अधिक नागरिकों एवं आगंतुकों ने सहभागिता कर प्राधिकरण की विभिन्न आवासीय, व्यावसायिक एवं शैक्षणिक संपत्तियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। नागरिकों की व्यापक उपस्थिति ने संपत्ति विक्रय मेले के प्रति शहरवासियों की रुचि और जबलपुर विकास प्राधिकरण के प्रति उनके विश्वास को प्रदर्शित किया।

मेले की विशेषता यह रही कि नागरिकों को एक ही छत के नीचे कुल 330 संपत्तियों की जानकारी के साथ आवेदन प्रक्रिया, संपत्तियों के ले-आउट, विक्रय संबंधी नियम एवं शर्तों तथा बैंकिंग एवं वित्तीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। प्राधिकरण की इस पहल को नागरिकों ने सराहनीय बताते हुए संपत्ति चयन और क्रय प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

हर वर्ग को बेहतर आवासीय एवं व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराना लक्ष्य : संदीप जैन

प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संदीप जैन ने नागरिकों के अभूतपूर्व उत्साह एवं सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि नागरिकों का अपार स्नेह और उत्साह प्राधिकरण की कार्यप्रणाली एवं पारदर्शिता के प्रति उनके विश्वास को दर्शाता है। हमारा निरंतर प्रयास है कि जबलपुर के सुनियोजित विकास के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को सुरक्षित, सुविधायुक्त एवं बेहतर आवासीय तथा व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

उन्होंने कहा कि प्राधिकरण का संकल्प अधिक से अधिक नागरिकों के अपने घर एवं संपत्ति के सपने को साकार करने में हरसंभव सहयोग प्रदान करना है। ऐसी योजनाओं और अवसरों के माध्यम से प्रत्येक वर्ग तक संपत्ति का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि आम नागरिक भी अपनी पसंद की संपत्ति का मालिक बन सके। इस आयोजन को मिला सकारात्मक प्रतिसाद हमारे प्रयासों की सार्थकता को सिद्ध करता है। आमजन की सुविधा एवं हित को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के जनोन्मुखी आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे।

330 संपत्तियां बनीं आकर्षण का केंद्र

दो दिवसीय संपत्ति विक्रय मेले में विभिन्न श्रेणियों की कुल 330 संपत्तियां उपलब्ध कराई गईं। इनमें HIG ड्यूप्लेक्स, MIG, LIG एवं EWS फ्लैट्स, आवासीय भूखंड, ऑफिस चैंबर्स, शैक्षणिक भूखंड तथा बारातघर के लिए व्यावसायिक भूखंड शामिल रहे। इन सभी संपत्तियों के प्रति नागरिकों ने व्यापक रुचि दिखाई और अपनी आवश्यकतानुसार जानकारी प्राप्त की।

एक ही छत के नीचे मिलीं सभी सुविधाएं

मेले में आने वाले इच्छुक नागरिकों को संपत्तियों के ले-आउट, स्थल की स्थिति, विक्रय के नियम एवं शर्तों तथा ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया के संबंध में मौके पर ही विस्तृत जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इसके साथ ही सहभागी बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधियों ने इच्छुक आवेदकों को ऋण सुविधाओं, वित्तपोषण एवं संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दी।

प्राधिकरण ने संपत्ति क्रय से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं और आवश्यक औपचारिकताओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराकर नागरिकों के लिए संपत्ति चयन एवं आवेदन प्रक्रिया को अधिक सरल, सुगम और पारदर्शी बनाने का प्रयास किया।

अधिकारियों-कर्मचारियों एवं सहयोगियों का जताया आभार

दो दिवसीय आयोजन के सफल समापन पर प्राधिकरण अध्यक्ष श्री संदीप जैन, उपाध्यक्ष एवं सीएईओ विवेक के. व्ही. ने मेले में पहुंचे समस्त नागरिकों, संभावित संपत्ति क्रेताओं, बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधियों, सहयोगियों तथा आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

जबलपुर विकास प्राधिकरण ने भविष्य में भी नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, संपत्ति क्रय की प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने तथा जबलपुर के सुनियोजित एवं सर्वांगीण विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

 

VILOK PATHAK

NEWS INVESTIGATION “The Real Truth Finder”

Tags

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Close
Close