Uncategorized

देश भर में पिछले 24 घंटे में कोरोना के सर्वाधिक 22,771 नए मामले, 442 लोगों की मौत

चीन के वुहान शहर से शुरू हुआ कोरोना वायरस का संक्रमण देश भर में दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है और अब यह आंकड़ा 6 लाख 49 हजार को भी पार कर गया। covid19india.org के मुताबिक, देश में कोरोना के अब तक 6,49, 889 केस दर्ज हो चुके हैं जिनमें 3, 94,319 लोग ठीक हो चुके हैं। हालांकि इनमें से 18,669 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में अभी 2,36,835 एक्टिव केस हैं। इसी तरह राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2,520 नए केस सामने आए जिससे यहां पर कुल केस 94,695 हो गए। वहीं, महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 6,364 केस दर्ज किए गए हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 22,771 नए मामले सामने आए हैं और 442 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देश भर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 6,48,315 हो गई है, जिनमें से 2,35,433 सक्रिय मामले हैं, 3,94,227 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और अब तक 18,655 लोगों की मौत हो चुकी है।

महाराष्ट्र में 6,364 नए मामले, 198 लोगों की मौत

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामले एक बार फिर पांच हजार से अधिक आए हैं। राज्य में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 6,364 नए मामले सामने आने के साथ कुल मरीजों की संख्या 1,92,990 पहुंच गई है। इसके साथ-साथ राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से 198 और लोगों की मौत हुई है। वहीं, मुंबई में कोरोना वायरस के 1,375 नए मरीज सामने आने से शुक्रवार को कुल संख्या बढ़कर 82,074 हो गई, जिसमें 24,912 एक्टिव केस हैं, 52,392 स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, अब तक 4,762 लोगों की मौत हो चुकी है।

पुणे में 1,022 नए मामले

महाराष्ट्र के पुणे जिले में सर्वाधिक 1,022 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 25,445 पहुंच गई। कोरोना के कारण 24 और लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या 826 हो गई।

तमिलनाडु में संक्रमितों की संख्या एक लाख के पार, 1,385 की मौत

तमिलनाडु में भी लगातार मरीजों की संख्या बढ़ रही है। राज्य में और 4,329 नए मामले सामने आए हैं और अब तक संक्रमित पाए गए लोगों का आंकड़ा एक लाख पार कर गया है। राज्य में अब तक इस महामारी से 64 लोगों की मौत भी हो चुकी है। इसी तरह आंध्र प्रदेश में 837 नए केस मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 16,934 पर पहुंच गया है। केरल में 211 नए मामलों के साथ मरीजों की संख्या 4,965 हो गई है।

राजधानी दिल्ली में 2,520 नए मामले रिकॉर्ड 

राजधानी दिल्ली में भी कोरोना केस कम होने का नाम नहीं ले रहा है और पिछले 24 घंटे में 2,520 मामले रिकॉर्ड हुए। इस तरह से दिल्ली में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 94,695 हो गए हैं। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 59 मरीजों की मौत भी हुई। इस तरह से दिल्ली में कुल मौत का आंकड़ा 2,923 तक पहुंच गया। हालांकि इस दौरान 2,617 लोग ठीक भी हुए। फिलहाल दिल्ली में अब तक 65,624 लोग ठीक हो चुके हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, महाराष्ट्र, दिल्ली और तमिलनाडु शुरुआत से ही अतिसंवेदनशील हैं। महाराष्ट्र में पहले दिन से ही कोरोना का ग्राफ बढ़ रहा है। जबकि दिल्ली और तमिलनाडु में उतार-चढ़ाव देखने को मिले हैं। यही वजह है कि अप्रैल माह के पहले सप्ताह तक दिल्ली दूसरे स्थान पर थी। इसके बाद मई तक तमिलनाडु और उसके बाद फिर दिल्ली वापस आई थी। अब तमिलनाडु एक बार फिर दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।

गुजरात में मामले 34 हजार के पार, अब तक 1,905 मौतें

गुजरात में भी संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। राज्य में अब तक 34,686 संक्रमित पाए जा चुके हैं। शुक्रवार को 687 नए मामले सामने आए। अब तक राज्य में 1,905 मरीजों की जान भी जा चुकी है। नए मामलों में अहमदाबाद में ही 204 केस मिले हैं और महानगर में मरीजों की संख्या बढ़कर 21,543 हो गई है। यहां अब तक 1,466 मरीजों की मौत हो चुकी है।

उत्‍तर प्रदेश में 972 नए मामले

आबादी के लिहाज से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में भी कोरोना महामारी पर रोक लगती नजर नहीं आ ही है। नए मामले लगातार बढ़ रहे हैं। राज्य में और 972 नए केस मिले हैं और मरीजों का आंकड़ा 25,797 पर पहुंच गया है। अब तक 749 लोगों की मौत भी हो चुकी है।

मध्य प्रदेश में 191 नए केस के साथ अब तक 14,297 संक्रमित मिल चुके हैं। राजस्थान में 390 केस और मिले हैं। राज्य में अब तक 19,662 मरीज सामने आ चुके हैं। जबकि, ओडिशा में 229 नए मरीजों के साथ 7,545 मरीज संक्रमित पाए जा चुके हैं।

कोरोना प्रभावित देशों की सूची में भारत चौथे स्थान पर

बता दें, दुनिया भर में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की सूची में भारत चौथे स्थान पर है। इस सूची में 26 लाख 34 हजार से ज्यादा संक्रमितों के साथ अमेरिका पहले, ब्राजील (14 लाख से ज्यादा) दूसरे और रूस (6 लाख 46 हजार) तीसरे स्थान पर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Close
Close