जिसे विक्टिम समझ रहे थे वही निकली कातिल! इंदौर कपल मिस्ट्री..सोनम ने किया सरेंडर

✒️ विलोक पाठक
न्यूज़ इन्वेस्टिगेशन
इंदौर के राजा और सोनम की कहानी में 16 दिन तक सस्पेंस के बाद नया एंगिल आया है। मेघालय में इंदौर के शख्स की हत्या के मामले में पत्नी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मार डाले गए राजा की पत्नी को यूपी के गाजीपुर से पकड़ा गया है। मेघालय के डीजीपी आई नोंगरांग के हवाले से पीटीआई ने बताया कि सोनम रघुवंशी इस हत्याकांड में कथित तौर पर शामिल थी और तीन हत्यारों को मध्य प्रदेश से हायर करके ले गई थी। उसने भाड़े के हत्यारों से पति का कत्ल कराया। हालांकि,अभी पुलिस ने हत्या के उद्देश्य का खुलासा नहीं किया है। मेघालय की पुलिस और सरकार की ओर से दिए गए अभी तक के बयानों से स्पष्ट है कि सोनम पति राजा को हनीमून नहीं बल्कि हत्या के मकसद से ही मेघालय ले गई थी।
चूंकि,हत्यारे भी मध्य प्रदेश के ही निकले, इसलिए समझा जा रहा है कि हत्या की पहले से प्लानिंग थी और साजिश के तहत उन्हें मध्य प्रदेश से मेघालय ले जाया गया था। डीजीपी आई नोंग्रांग ने कहा,”एक आरोपी को उत्तर प्रदेश से पकड़ा गया,जबकि दो अन्य लोगों को एसआईटी ने इंदौर से पकड़ा.” उन्होंने आगे कहा, “सोनम ने उत्तर प्रदेश के नंदगंज पुलिस स्टेशन में आत्मसमर्पण किया और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया.” हमलावरों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि सोनम ने खुद गाजीपुर से अपने परिवार से संपर्क किया था। इसके बाद उसके परिजनों ने इंदौर पुलिस को सूचना दी थी। माना जा रहा है कि भागते-भागते सोनम थक चुकी थी और खुद को फंसते देख उसने सरेंडर का फैसला किया।
इंदौर के राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी हनीमून के लिए मेघालय गए। इस बीच दोनों लापता हो गए। बाद में राजा की लाश पुलिस को मिली वहीं उनकी पत्नी सोनम गायब थीं। अब सोनम को पुलिस ने यूपी के गाजीपुर से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि सोनम ने खुद घरवालों को फोन करके अपनी लोकेशन बताई। इस केस में तीन और लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
इन 17 दिनों में इस केस में कई मोड़ आए।
11 मई 2025: राजा रघुवंशी और सोनम की लव-कम-अरेंज्ड मैरिज मध्यप्रदेश के इंदौर में धूमधाम से हुई।
20 मई 2025: राजा और सोनम हनीमून के लिए मेघालय के शिलांग रवाना हुए। गुवाहाटी में मां कामाख्या मंदिर के दर्शन किए।
21 मई 2025: शिलांग के एक होमस्टे में चेक-इन करते हुए राजा और सोनम सीसीटीवी फुटेज में दिखे।
22 मई 2025: होमस्टे में चेक-इन नहीं किया दोनों ने किराए पर एक एक्टिवा स्कूटी ली और शिलांग के आसपास घूमने निकले।
23 मई 2025: इसी दिन सोनम का अपनी सास के साथ आखिरी फोन कॉल हुआ। इसके बाद राजा ने भी अपनी मां से फोन पर बात की, इसके बाद दोनों का मोबाइल फोन बंद हो गया, दोपहर 2:00 बजे के आसपास एक्टिवा की जीपीएस लोकेशन के अनुसार,गाड़ी की स्पीड जीरो हो गई। नोंग्रियाट गांव के मुखिया ने पुलिस को गोल्डन पाइंस ढाबा के पास लावारिस बाइक मिलने की सूचना दी।
24 मई 2025: उनकी किराए की स्कूटी सोहरारिम में लावारिस हालत में मिली, जिसमें चाबियां लगी थीं। राजा और सोनम का कोई संपर्क न होने पर परिवार परेशान हुआ।
25 मई 2025: परिवार ने इंदौर पुलिस और मेघालय पुलिस को सूचित किया। तलाशी अभियान शुरू हुआ।
29 मई 2025: राजा और सोनम के दो बैग खाई में मिले, लेकिन मोबाइल, गहने, और पर्स गायब थे। ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से तलाशी जारी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
1 जून 2025: घने कोहरे के कारण तलाशी अभियान में बाधा आई।
2 जून 2025: मेघालय पुलिस और एनडीआरएफ को वेईसावडॉन्ग झरने के पास 200 फीट गहरी खाई में राजा का सड़ा-गला शव मिला। राजा के गहने (सोने की चेन, अंगूठी), मोबाइल, और पर्स गायब थे। पास में एक ‘दाओ’ (बड़ा चाकू) मिला,पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि राजा की हत्या पेड़ काटने वाले हथियार से की गई। मेघालय पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया और विशेष जांच दल (SIT) गठित किया।
3 जून 2025: एक टूरिस्ट गाइड ने पुलिस को बताया कि राजा और सोनम को लापता होने से पहले तीन लोगों के साथ देखा गया था, जो हिंदी में बात कर रहे थे। परिवार ने सीबीआई जांच की मांग की, स्थानीय पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया।
4 जून 2025: मेघालय पुलिस ने ड्रोन और विशेष टीमों के साथ सोनम की तलाश जारी रखी। राजा का शव इंदौर लाया गया, सीबीआई जांच के लिए नारेबाजी की।
5 जून 2025: मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने SIT जांच की प्रगति की समीक्षा की और मामले की तह तक जाने का आश्वासन दिया। पुलिस को एक रेनकोट और लाल-काले रंग की जैकेट मिली, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया। सोनम के भाई गोविंद ने पुष्टि की कि जैकेट सोनम की नहीं थी। रघुवंशी समुदाय ने यह आशंका जताई कि सोनम का अपहरण हो सकता है और बांग्लादेश सीमा के पास मानव तस्करी का खतरा है।
6 जून 2025: पुलिस ने राजा का मोबाइल फोन, एक महिला की सफेद शर्ट, दवा की स्ट्रिप, स्मार्टवॉच, और मोबाइल स्क्रीन का हिस्सा बरामद किया। परिवार ने लूट और हत्या की आशंका जताई, क्योंकि राजा के गहने और नकदी गायब थे।
8 जून 2025: सीसीटीवी फुटेज में राजा और सोनम होटल से निकलते दिखे। तीन संदिग्धों की जानकारी सामने आई, जिन्हें टूरिस्ट गाइड ने राजा और सोनम के साथ देखा था।
9 जून 2025: सोनम ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में सरेंडर कर दिया,मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने ट्वीट कर पुलिस की सफलता की जानकारी दी और सोनम के सरेंडर की पुष्टि की। जिसके बाद इंदौर पुलिस ने गाजीपुर पुलिस को सूचित किया। मेघालय पुलिस ने मध्य प्रदेश के तीन हमलावरों को गिरफ्तार किया। मेघालय पुलिस ने एक अन्य हमलावर की तलाश में अभियान जारी रखा।
बहरहाल जो भी हो परन्तु ऐसा मन जा रहा है कि सोनम रघुवंशी हनीमून नहीं हत्या के लिए ही राजा को ले गई थी मेघालय! इस केस में अभी कई परत खुलना बाकी है जो हत्यारों से पूछताछ के बाद सामने आएँगी।
News Investigation “The Real Truth Finder”




