वायु गुणवत्ता सुधारने के नाम पर करोड़ों रुपए के घोटाले का आरोप – नेता प्रतिपक्ष अमरीश पहुंचे ईओडब्ल्यू
Allegations of scam worth crores of rupees in the name of improving air quality - Leader of Opposition reached EOW

✍️ विलोक पाठक / न्यूज़ इन्वेस्टिगेशन
जबलपुर, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने वायु गुणवत्ता प्रोजेक्ट में करोड़ों के घोटाले का आरोप लगाते हुए ईओडब्ल्यू में शिकायत दर्ज कराई है।
नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा के अनुसार नगर निगम ने 2.88 करोड़ रुपए की लागत से एयर क्वालिटी इक्विपमेंट लगाने के नाम पर एजेंसियों और कंसल्टेंट्स को 1.75 करोड़ रुपए पहले ही दे दिए गए हैं। मिश्रा ने इन एजेंसियों की काबिलियत पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, जिन्हें हवा की एबीसी भी नहीं आती, उन्हें शहर की हवा सुधारने की जिम्मेदारी दी गई है।
नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा और उनके पार्षदों का दल ईओडव्लू कार्यालय पहुंचे। उन्होंने योजना से जुड़े दस्तावेज अधिकारियों को सौंपे। मिश्रा ने अनुरोध किया कि इस मामले की गहराई से जांच की जाए। उन्होंने कहा, “यदि संभव हो, तो ईओडव्लू मुख्यालय भोपाल से वरिष्ठ अधिकारी भेजे जाएं, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।” मिश्रा ने कहा, “हम चाहते हैं कि इस घोटाले में शामिल नगर निगम अधिकारियों और अन्य लोगों की जांच हो और दोषियों के नाम उजागर किए जाएं।”
अमरीश मिश्रा ने इसे “भ्रष्टाचार का मॉडल” बताया एवं कहा कि परियोजना का उद्देश्य जनता की सेहत नहीं, अधिकारियों की जेबें भरने के साथ चहेते ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। इनके अनुसार जबलपुर एक ऐसा शहर है जो प्राकृतिक रूप से स्वच्छ वातावरण के लिए जाना जाता है। यहां मां नर्मदा की शुद्ध बयार बहती है, चारों ओर हरियाली है, पहाड़ और घाटियां हैं। यहां वायु गुणवत्ता पहले से ही उत्तम श्रेणी की है। उन्होंने पूछा कि जब हवा पहले ही इतनी अच्छी है, तो करोड़ों खर्च कर हवा सुधारने की ‘एक्सरसाइज’ क्यों की जा रही है।
@Vilok Pathak
News Investigation “The Real Truth Finder”




