धार्मिक भावनाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं : बजरंग दल ने निकाले सीढ़ियों पर लगे धार्मिक टाइल्स

✒️ विलोक पाठक / न्यूज़ इन्वेस्टिगेशन
मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल ने बड़े-बड़े अपार्टमेंट और कॉमर्शियल बिल्डिंगों में सीढियों पर लगे देवी देवताओं के टाइल्स निकलवाने का अभियान चलाया है। पिछले कई दिनों से बजरंग दल को सूचना मिल रही थी की बिल्डिंगों की सीढ़िया पर भगवानों के चित्र वाले टाइल्स लगे हैं जिन पर लोग थूक रहे हैं। इसको लेकर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल ने सघन अभियान छेड़ दिया है,जिसके तहत प्रशासन को सूचना देकर उक्त टाइल्स निकलवाए जा रहे हैं।
◆ मौके पर पहुंचा बजरंग दल
बजरंग दल को आज राइट टाउन स्थित मोहित चेंबर में शिकायत मिली कि सीढियों पर धार्मिक टाइल्स लगे हैं। जिसको लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने लॉर्डगंज थाने में शिकायत दी। इसके पश्चात उन्होंने स्वयं जाकर टाइल्स निकाल दिए। विहिप बजरंग दल के मालवीय प्रखंड मंत्री श्रीधर सोनी ने बताया कि सीढ़ियों पर लगे धार्मिक टाईल्स पर थूकने के निशान स्पष्ट दिख रहे थे, जिस पर राहुल तिवारी , राहुल बाकले सहित कार्यकर्ताओं ने छेनी हथौड़ी की मदद से उक्त टाईल्स निकाले।
श्रीधर के अनुसार लोग सीढियों पर न थूकें, इसके लिए केवल हिंदू धर्म की देवी देवताओं वाली टाईल्स क्यों लगाई जाती है, किसी अन्य धर्म की लगाने की हिम्मत क्यों नहीं पड़ती। बजरंग दल द्वारा ऐसे लोगों को चिन्हित किया जा रहा है जो इस माध्यम से हिंदू धर्म का अपमान कर रहे हैं। इनके ऊपर विधिवत कानून सम्मत कार्रवाई कराई जाएगी। बजरंग दल ने लोगों से आग्रह किया है कि जहां भी इस तरीके की धार्मिक टाइल्स सीढियों पर मिलती हैं कृपया उनकी सूचना बजरंग दल को भेजें। इसके साथ ही टाइल्स लगाने वालों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार से धार्मिक भावनाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि शहर की बड़ी-बड़ी इमारत और अस्पतालों में सीढ़ियां खराब न हों इस हेतु धार्मिक देवी देवताओं की टाइल्स लगाई गई है।




