दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर की टक्कर से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर मौत

न्यूज़ इन्वेस्टिगेशन
सिहोरा/ वाहनों चालकों की लापरवाही और तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर सामने आया है। गुरुवार दोपहर हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बावजूद रफ्तार पर अंकुश लगाने के प्रयास न होने से लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मझगवां निवासी विनोद चक्रवर्ती (50 वर्ष), पिता रतनलाल चक्रवर्ती, अपने निजी कार्य से सिहोरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खितौला थाना क्षेत्र अंतर्गत हिरन नदी के पहले भाटादौन मोड़ के तिराहे पर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर चालक ने उन्हें साइड से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि विनोद चक्रवर्ती की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सिहोरा भेज दिया।




