बरगी डैम हादसा अपडेट – अब तक 9 शव निकाले जा चुके हैं.. 22 को बचाया…कई अभी भी लापता.. मंत्री, विधायक, कलेक्टर, एसपी सहित प्रशासनिक अमला रात भर से मौजूद
Bargi Dam Cruise Accident Update - 9 bodies have been recovered so far... 22 rescued... many still missing..


✒️ विलोक पाठक
न्यूज़ इन्वेस्टिगेशन
मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के बरगी डैम में गुरुवार शाम हुए क्रूज हादसे में शुक्रवार सुबह तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं। जबकि 22 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। प्रशासन के अनुसार, 15 से अधिक लोगों की तलाश अभी भी जारी है।
पर्यटकों ने चालक को कहा कि क्रूज को वापस किनारे पर ले चले, लेकिन स्टाफ ने एक नहीं सुनी। जब तेज आंधी चलने लगी तो क्रूज स्टाफ ने पर्यटकों को लाइफ जैकेट पहनने के लिए दी, लेकिन कई लोग इसे पहन ही नहीं सके। हादसे के वक्त क्रूज में लगभग 40 से 45 पर्यटक सवार थे। एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक इनमें से 11 लोग बिना टिकट सवार थे और किसी ने भी लाइफ जैकेट नहीं पहना था।

इस हादसे में जो मृत हुए हैं उनके नाम इस प्रकार हैं, नीतू सोनी, सौभाग्यम अलगन, मधुर मैसी, काकू लझी, रेशमा सैयद, शमीम नकवी, शेष 3 की पहचान की जा रही है।
हादसे के बाद से सारी रात चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मंत्री राकेश सिंह, विधायक नीरज सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, एसपी सम्पत उपाध्याय सहित अन्य प्रशासनिक अमला वहीं मौजूद है। आगरा से विशेष टीम बुलाई गई है। वहीं मां नर्मदा के एक क्षेत्र को मशीनों के माध्यम से पूर कर क्रेन को डूबे हुए क्रूज तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उसे निकाला जा सके।

इस भयावह हादसे ने कई परिवारों की खुशी छीन ली। सबसे महत्वपूर्ण बात यह सामने आई कि यात्रीयों के मना करने के बावजूद भी चालक दल ने उनकी नहीं सुनी एवं तूफान में क्रूज को ले गए। बचे हुए लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा है कि चालक दल का व्यवहार असहयोगात्मक था।

घटना के संबंध में सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए कलेक्टर कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। किसी भी जानकारी के लिए फोन नंबर 0761-2624355 पर कॉल किया जा सकता है। कंट्रोल रूम का इंचार्ज वीरेन्द्र सिंह को बनाया गया है। मिसिंग व्यक्तियों के बारे में या अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों के लिए बात की जा सकती है।




