पश्चिम बंगाल भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या में हो सकता है पाकिस्तानी कनेक्शन

न्यूज़
इन्वेस्टिगेशन
पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता सुवेन्दु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ की हत्या मामले में जांच एजेंसियों को एक अहम सुराग मिला है। शुरुआती जांच में इस सनसनीखेज हत्याकांड में इस्तेमाल हुई विदेशी पिस्टल के तार पाकिस्तान से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक घटनास्थल से मिले खाली कारतूसों की जांच के बाद सुरक्षा एजेंसियों को पता चला कि हत्या में ग्लॉक G43x पिस्टल का इस्तेमाल हुआ है। जांच अधिकारियों के अनुसार, यह हथियार भारत में सामान्य बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं है और इसकी कीमत लाखों रुपये में होती है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि हत्या की साजिश रचने वालों ने ही हमलावरों को यह विदेशी हथियार उपलब्ध कराया।
इसी हथियार से चंद्रनाथ पर एक दर्जन से ज्यादा गोलियां चलाई गईं। वारदात उनके घर से करीब 200 मीटर दूर हुई, जहां हमलावरों ने सिर, सीने और पेट को निशाना बनाया। अत्यधिक खून बहने के कारण चंद्रनाथ मौके पर ही बेहोश हो गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच इस बात पर केंद्रित है कि यह विदेशी हथियार पश्चिम बंगाल तक कैसे पहुंचा। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पिस्टल पंजाब सीमा के जरिए लाई गई या फिर बांग्लादेश रूट का इस्तेमाल किया गया। साथ ही, यह भी जांच का विषय है कि आखिर वह कौन लोग हैं जिनके पाकिस्तान से संपर्क हो सकते हैं और जिन्होंने इस हत्याकांड के लिए विदेशी हथियार उपलब्ध कराया।
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक पिछले कुछ समय से पाकिस्तान के रास्ते विदेशी हथियारों की तस्करी बढ़ी है। इसी क्रम में 26 मार्च को भारत-पाकिस्तान सीमा से 10 विदेशी पिस्टल बरामद की गई थीं। इनमें तुर्की निर्मित जिगाना, अमेरिकी बेरेटा, चीनी नोरिन्को और ऑस्ट्रिया निर्मित ग्लॉक पिस्टल शामिल थीं। जांच एजेंसियां मान रही हैं कि ग्लॉक पिस्टल की अवैध सप्लाई पाकिस्तान से की जा रही है।




