स्वच्छता के साथ सेवा का नया अध्याय, जबलपुर में थ्री आर ऑन व्हील से मिटेगी अभाव की दूरी
A new chapter of service with cleanliness, 3R on Wheels will bridge the gap of poverty in Jabalpur.

न्यूज़ इन्वेस्टिगेशन
जबलपुर ने स्वच्छता के क्षेत्र में नवाचार की एक नई मिसाल पेश की है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में नगर निगम द्वारा शुरू की गई थ्री आर ऑन व्हील पहल ने शहर में अपशिष्ट प्रबंधन को एक नई दिशा मिली है। अब शहरवासियों के घरों का बेकार सामान किसी जरूरतमंद के जीवन का आधार बन रहा है।
अक्सर घरों में पुराने कपड़े, जूते, किताबें और खिलौने जमा हो जाते हैं, जिन्हें कचरे में फेंकना मन स्वीकार नहीं करता। नागरिकों की इसी दुविधा को दूर करने के लिए निगम ने थ्री आर ऑन व्हील मोबाइल वाहन की शुरुआत की है। यह वाहन अब शहर के विभिन्न वार्डों और गलियों में पहुँचकर नागरिकों से सीधे उनकी अनुपयोगी लेकिन अच्छी स्थिति वाली वस्तुओं को एकत्रित कर रहा है।
एकत्रित की गई सामग्री को शहर के 13 प्रमुख थ्री आर केंद्रों जैसे ग्वारीघाट, दीनदयाल बस स्टैंड, हनुमानताल, और सिविक सेंटर आदि तक पहुँचाया जा रहा है। यहाँ से गरीब और जरूरतमंद परिवार आत्मसम्मान के साथ अपनी जरूरत का सामान ले जा रहे हैं। स्वच्छता की नई पहल, बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ के मंत्र ने नागरिकों को इस अभियान से भावनात्मक रूप से जोड़ दिया है।
नगर निगम ने शहर के हर कोने को इस मुहिम से जोड़ने के लिए रणनीतिक रूप से केंद्रों का चयन किया है। त्रिपुरी वार्ड से लेकर रांझी और कांचघर से लेकर घंटाघर तक, ये 13 केंद्र अब दान और सेवा के सेतु बन चुके हैं। निगम प्रशासन का यह प्रयास सिद्ध करता है कि आधुनिक कचरा प्रबंधन केवल तकनीक नहीं, बल्कि एक संवेदनशील दृष्टिकोण भी है।
निगम की इस पहल से जबलपुर एक जिम्मेदार और संवेदनशील शहर के रूप में उभर रहा है। यदि नागरिक इसी तरह अपने घरों का अनावश्यक सामान कचरे में फेंकने के बजाय इस पहिए वाली सेवा को सौंपते रहे, तो जबलपुर न केवल स्वच्छता रैंकिंग में शीर्ष पर होगा, बल्कि अभावग्रस्त लोगों की मदद में भी अग्रणी बनेगा।




