सिहोरा-मझौली रोड पर भीषण सड़क हादसा, युवती की मौत, कई घायल

न्यूज़ इन्वेस्टिगेशन
सिहोरा। रविवार दोपहर करीब 2 बजे सिहोरा-मझौली रोड पर दर्शनी गांव के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया। सिहोरा से मझौली की ओर जा रही मोटरसाइकिल और मझौली से सिहोरा की ओर आ रहे ई-रिक्शा के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ई-रिक्शा में सवार कई लोग घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद करते हुए घायलों को जननी एवं निजी एंबुलेंस की सहायता से सिहोरा के शासकीय सिविल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने पोंडा निवासी 21 वर्षीय प्रीति कोल को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे में शुभम कोल और अनुराग कोल सहित कई लोग घायल हुए हैं।
बताया जा रहा है कि घायलों में बच्चों सहित दो लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज सिहोरा के शासकीय सिविल अस्पताल में जारी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।




