जीआरपी-आरपीएफ की सतर्कता से बच्चे को सिर्फ 1 घण्टे में अपहरणकर्ता से छुड़ाया
Due to the vigilance of GRP-RPF, the child was rescued from the kidnapper in just 1 hour

✒️ विलोक पाठक / न्यूज़ इन्वेस्टिगेशन
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रेलवे स्टेशनों पर जीआरपी और आरपीएफ भी सुरक्षा की दृष्टि से स्टेशनों में चप्पे-चप्पे पर तैनात है। इसी सतर्कता के चलते मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में जीआरपी और आरपीएफ ने अपहरण हुए एक 2 साल के बच्चे को मात्र एक घंटे में सुरक्षित बरामद कर लिया। साथ ही अपहरण करने वाले आरोपी को ऑन द स्पॉट गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, झारखंड निवासी बीनू पासवान ने थाना जीआरपी जबलपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका 2 वर्ष का बेटा अभिषेक रेलवे स्टेशन से गायब हो गया है। शिकायत मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ ने तुरंत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने जबलपुर रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश शुरू की। इसी दौरान इन्द्रा मार्केट में आरोपी अरुण परैहिया उर्फ कालू (25) बच्चे को ले जाते हुआ दिखा। सुरक्षा दल ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बालक को सुरक्षित बरामद कर लिया।
सुरक्षा टीम ने बच्चा उसके माता-पिता को सुपुर्द कर दिया। जीआरपी प्रभारी सुलोचना राजपूत के अनुसार आरोपी गढ़वा (झारखंड) जिले के धुर्वी थाना क्षेत्र के परसपानी गांव का रहने वाला है। आरोपी से अन्य वारदातों के बारे में सघन पूछताछ की जा रही है। इस संयुक्त अभियान में एएसआई नरेश कुमार के साथ ओम प्रकाश, राजकुमार, पुष्पेन्द्र, तथा आरपीएफ पोस्ट के रणधीर गुर्जर, सूर्यनाथ यादव शामिल रहे।
News Investigation – “The Real Truth Finder” 💢 न्यूज़ इन्वेस्टिगेशन – “वास्तविक सत्यान्वेषी”
@vilok




