बजरंग दल के पूर्व गौ सेवा प्रमुख की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

न्यूज़ इन्वेस्टिगेशन
कटनी/जबलपुर। कटनी जिले के कैमोर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह बड़ा गोलीकांड हुआ। एसीसी गेस्ट हाउस के पास अज्ञात हमलावरों ने बजरंग दल के पूर्व गौ सेवा प्रमुख नीलेश रजक को दिनदहाड़े गोलियों से छलनी कर दिया। वारदात सुबह करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार दो युवक मौके पर पहुंचे और नीलेश रजक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हमलावर वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कैमोर थाना पुलिस, एसडीओपी और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है।
हत्या की खबर फैलते ही कैमोर और आसपास के इलाकों में तनाव फैल गया, आक्रोशित लोगों ने पुलिस को घेर लिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है —
> “मामले की जांच के सभी एंगल पर काम किया जा रहा है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”




