सिहोरा दंगे में बंद आरोपित मन्दिर समिति के सदस्य की तबियत बिगड़ी, जबलपुर रेफर

न्यूज़ इन्वेस्टिगेशन
सिहोरा। बीते गुरुवार की रात्रि मंदिर-मस्जिद विवाद के बाद हुए पथराव मामले में हिरासत में लेकर जेल भेजे गए एक आरोपित बंदी की तबियत मंगलवार की रात्रि लगभग 9 बजे अचानक बिगड़ गई। बंदी की हालत गंभीर होने पर जेल प्रशासन द्वारा तत्काल प्राथमिक उपचार कराया गया, लेकिन स्थिति में सुधार न होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया गया।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीमार बंदी को पहले से ही शुगर (मधुमेह) की समस्या है, जिसके कारण उसकी तबियत अचानक खराब हो गई। तबियत बिगड़ने की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सक्रिय हुए और आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
बताया जा रहा है कि बंदी को चिकित्सकीय निगरानी में जबलपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। फिलहाल उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं, प्रशासन द्वारा मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को भी दे दी गई है।




