जबलपुर हाईवे पर भीषण हादसा: ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार को 50 मीटर तक घसीटा, सड़क पर बिखरा शव

न्यूज़ इन्वेस्टिगेशन
जबलपुर / जिले के पाटन थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। भाटिया पेट्रोल पंप के सामने जबलपुर-दमोह हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि युवक ट्रक के पिछले पहिए में फंस गया और करीब 50 मीटर तक सड़क पर घसीटता चला गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने ट्रक का पीछा कर उसे पकड़ लिया और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुबह लगभग 10 बजे की है, जब दमोह से जबलपुर की ओर आ रहे ट्रक (क्रमांक MP09 HH 3760) ने सामने से आ रही स्कूटी को टक्कर मार दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। दस्तावेजों के आधार पर मृतक के सिवनी जिले का निवासी होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि स्कूटी (MP49 ZG 9251) नरसिंहपुर जिले में पंजीकृत बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में युवक का नाम राम सिंह सामने आया है, हालांकि परिजनों से संपर्क कर इसकी पुष्टि की जा रही है।




