खितौला में पत्थर पटककर वृद्ध महिला की हत्या, बुजुर्ग गंभीर हालत में जबलपुर रेफर

न्यूज इन्वेस्टिगेशन
सिहोरा/खितौला। खितौला थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। हिरन नदी घाट स्थित मुक्ति धाम परिसर में बनी झोपड़ी में रहने वाली एक वृद्ध महिला की अज्ञात हमलावर ने पत्थर पटककर बेरहमी से हत्या कर दी। वहीं झोपड़ी में मौजूद एक बुजुर्ग पर भी जानलेवा हमला किया गया, जो गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जबलपुर रेफर कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृष्णा बाई (70 वर्ष) और चम्मू (65 वर्ष) पिछले काफी समय से हिरन नदी घाट के भीतर बनी झोपड़ी में रह रहे थे। दोनों दिन में भिक्षावृत्ति कर अपना जीवनयापन करते थे। आशंका है कि बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने दोनों पर बड़े पत्थर से हमला कर दिया।
गुरुवार सुबह घूमने पहुंचे स्थानीय लोगों ने झोपड़ी के पास महिला का शव और बुजुर्ग को गंभीर रूप से घायल देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही खितौला पुलिस सुबह करीब 9:30 बजे मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महिला के शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या के कारणों और हमलावर की पहचान करने में जुटी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस जघन्य वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।




