टॉप न्यूज़

40 मजदूरों से ठसाठस भरी पिकअप पलटी, ओवरटेक के दौरान हादसा, 23 घायल

 न्यूज़ इन्वेस्टिगेशन

सिहोरा। सिहोरा थाना क्षेत्र के लमकना रोड स्थित आलासूर (सिमरिया) मोड़ के पास बुधवार सुबह मजदूरों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन में करीब 40 मजदूर सवार थे, जिनमें से 23 घायल हो गए। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार सभी मजदूर बहोरीबंद क्षेत्र के चरागवां और कूड़ा अमाड़ी गांव से लाहोद गांव धान की रोपाई करने जा रहे थे। रास्ते में ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे पिकअप सड़क किनारे खेत में पलट गई।

घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को शासकीय सिविल अस्पताल सिहोरा पहुंचाया गया। घायलों में प्रियंका, कढ़ोरीलाल चौधरी, मनीषा बाई, जयंतो बाई, नंदकिशोर, राजकुमारी, सुदामा बाई, लली बाई, सुकन्या बाई, संतरा बाई, आशीष चौधरी, सविता, गोमती, सुलोचना, राजू चौधरी, दीपक चौधरी, मोनू, राजकुमार, सुमित्रा बाई, अर्चना, ज्योति, इमरती बाई और रितु चौधरी शामिल हैं। सभी घायल कूड़ा अमाड़ी और चरागवां गांव के निवासी बताए गए हैं।

चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश घायलों को मामूली चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

ओवर लोड बनी वजह

पिकअप में क्षमता से कहीं अधिक करीब 40 मजदूरों को ठूंस-ठूंसकर बैठाया गया था। ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया, जिससे 23 मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Tags

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Close
Close